बलिया। समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के अंतर्गत जनपद स्तरीय कॅरिअर गाइडेंस मेला का सफल आयोजन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना और उनके भविष्य के लिए सही मार्गदर्शन प्रदान करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मेले का आयोजन राजकीय बालिका इंटर काॅलेज में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवेंद्र कुमार गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन तथा निरंतर परिश्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। कहा कि सही मार्गदर्शन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए उनकी सराहना की। इस अवसर पर शशि प्रकाश राय प्रधानाचार्य, रंजनी, प्रमोद , प्रफुल्ल, जनपद स्तरीय कॅरिअर गाइडेंस नोडल राकेश , निर्मला पांडेय मौजूद रहीं।
मेले में जनपद के कुल 34 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न कॅरिअर विकल्पों से संबंधित आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों में इंजीनियरिंग, चिकित्सा, प्रशासनिक सेवाएं, रक्षा सेवाएं, सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षा, उद्यमिता सहित अनेक क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
विद्यार्थियों ने अत्यंत आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने विषयों का प्रदर्शन करते हुए आगंतुकों को कॅरिअर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। जिला समन्वयक आनन्द प्रकाश मिश्र ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ करियर गाइडेंस को समान महत्व दिया जा रहा है।
स्तरीय कॅरिअर गाइडेंस नोडल राकेश पांडेय ने विद्यार्थियों को करियर चयन की प्रक्रिया, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं आधुनिक रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।