गाजीपुर। नगर में सीवर लाइन बिछाई जा रही है। सीवर का दूषित पानी स्टीमर घाट के पास एकत्रित किया जाएगा। वहां से उसे मुख्य पाइप लाइन के जरिए अंधऊ के जमुना देवा गांव पहुंचाया जाएगा। यहां पर सीवेज ट्रीटेमेंट प्लांट बनाया जाएगा, जहां से जल शोधित करके सिंचाई के काम में लाया जाएगा।
जमुना देवा गांव में नगर पालिका ने सात करोड़ 83 लाख रुपये में आठ बीघा जमीन खरीदी है। इस जमीन में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) बनाया जाएगा। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत होने वाले इस प्लांट से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी शुद्ध बहुपयोगी बनाया जाएगा, जिसका उपयोग सिंचाई के लिए किया जाएगा। इससे भूजल दोहन कम होगा। शहर के तमाम इलाकों का पानी नालों के गंगा में गिरता है। एसटीपी बनने के बाद गंगा भी स्वच्छ रहेगी।
जल संरक्षण और बेकार हो चुके पानी को कृषि कार्य में इस्तेमाल करने के लिए नगर पालिका ने सीवर प्रणाली विकसित करने की योजना बनाई। जल निगम की ओर से वर्ष 2019 से सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इस काम पर तकरीबन 150 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसी धनराशि में करीब पांच करोड़ की लागत से एसटीपी स्थापित किया जाएगा। सीवर लाइन बनने के बाद नगर के विभिन्न मुहल्लों का गंदा पानी सीवर लाइन के माध्यम से स्टीमर घाट के पास बन रहे कुएं में एकत्रित होगा। वहां से पानी मुख्य पाइप लाइन के माध्यम से अंधऊ स्थित जमुना देवा गांव में भेजा जाएगा, जहां एसटीपी में उसको शोधित करके खेतों में भेजा जाएगा।
मछली पालन के भी आएगा काम पानी
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में पानी को साफ करके उसमें ऑक्सीजन मिलाई जाएगी। वजह नाले के पानी में ऑक्सीजन खत्म हो जाती है। ऑक्सीजन मिलने से पानी उपयोगी हो जाएगा और जलीय जीव ऐसे पानी में आसानी से जीवित रह सकते हैं। यही नहीं शुद्ध हुए पानी का प्रयोग से भवन निर्माण, खेतों में फसलों की सिंचाई और मछली पालन में इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य नमामी गंगे के तहत जल निगम वाराणसी द्वारा कराया जाएगा।
सीवर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित कराने के लिए अंधऊ स्थित जमुना देवा गांव में आठ बीघा की जमीन रजिस्ट्री कराई गई है। नमामी गंगे परियोजना के तहत जलनिगम वाराणसी द्वारा प्लांट स्थापित कराया जाएगा। स्टीमर घाट के पास गंदा पानी एकत्र कर मुख्य पाईप लाईन से पानी शुद्धिकरण के लिए प्लांट तक पहुंचाने का कार्य होगा।- लालचंद्र सरोज, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद गाजीपुर