सुहवल (गाजीपुर)। वसंत पंचमी पर सरस्वती पूजा को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विभिन्न जगहों पर चेकिंग करने के साथ ही सादे वेश में पुलिस और एलआईयू के कर्मियों को तैनात कर अराजक तत्वों पर निगाह रखी जा रही है, जिससे किसी भी संभावित घटना को समय रहते टाला जा सके।
जिले में वसंत पंचमी के मौके पर 328 पंडालों में सरस्वती की मूर्तियां स्थापित की जाएगी। इसमें 10 अति संवेदनशील जगहों पर मूर्तियों के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने नई जगहों पर मूर्तियों को रखने की इजाजत नहीं दी है। आयोजन समितियों को एहतियातन सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीसीटी कैमरा, अग्निशमन यंत्र सहित कोविड को भी ध्यान में रखने की सख्त हियायत दी है।
पंडालों की सुरक्षा के बाबत एक कांस्टेबल एवं एक होमगार्ड की तैनाती होगी। जबकि मूर्तियों के विसर्जन के लिए प्रत्येक थानों के तहत बनाए गए जगहों एवं रूटों पर ही विसर्जन जुलूस निकलेंगे। इसके लिए पुलिस ने अपने स्तर से तैयारी कर रखी है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, गली-मुहल्लों में लोगों द्वारा मां सरस्वती की पूजा की तैयारी कर ली गई है। इसके लिए मूर्ति स्थापित करने की जगह का चयन कर उसे साफ-सुथरा करने का काम कर लिया गया है। इस संबंध में एसपी सीटी गोपीनाथ सोनी ने कहा कि प्रत्येक थानों को एहतियात के तौर पर अलर्ट किया गया है। कहा कि डीजे बजाने पर रोक है। जारी निर्देशों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।