घना बादल। रेवतीपुर क्षेत्र में दोपहर बाद काली घटा छाई।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी तेज आंधी और बारिश का क्रम बना रहा। इससे जहां लोगों का जन जीवन असामान्य हो गया वहीं खेती बारी का काम भी ठप पड़ा रहा। मंगलवार को भी आसमान साफ नहीं हुआ तथा दिन भर बदली छाई रही। शाम को पांच बजे के बाद अचानक तेज आंधी आई तथा थोड़ी देर में बरसात भी शुरू हो गई। रुक-रुक कर बिजली चमकती रही। कहीं तेज, तो कहीं हल्की बूंदाबांदी होती रही। खेतों में रखे अनाज के बोझ भींग गए। ग्रामीण क्षेत्रों में बरसात की वजह कई मकानों के टिन शेड उड़ गए।
शाम को एकाएक मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ फुहारे भी पड़ने लगी। हालांकि शहर में बरसात थोड़ी ही देर रही लेकिन इसके बाद पूरा वातावरण ठंडा हो गया। थोड़ी ही देर की आंधी ने अस्त व्यस्त कर दिया। करीमुद्दीनपुर संवाददाता ने बताया कि क्षेत्र में आंधी का तेज असर बना रहा। बागीचों में आम के टिकोरों को भी नुकसान हुआ है। करइल क्षेत्र में भी कहीं हल्की फुहारें, तो कही झमाझम बारिश भी हुई। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में करीब बीस मिनट तक आंधी का असर बना रहा। तेज आवाज के साथ बिजली चमकती रही। ग्रामीण इलाके के खेतों में गेंहू की फसल की कटाई, बोझ बांधने तथा खलिहान में मड़ाई आदि का कार्य बाधित रहा। सुहवल संवाददाता के अनुसार तेज आंधी के कारण खेतों में रखे अनाज के बोझ उड़ गए। कही कही छिटपुट बरसात भी हुई।