जिले में रोजाना चोरियां हो रही हैं और पुलिस किसी का पर्दाफाश नहीं कर पा रही है। ऐसे में दुस्साहसी चोरों ने पुलिस अधीक्षक के आवास से महज 50 मीटर दूर एक घर में चोर खिड़की उखाड़ कर घुसे और चार लाख से अधिक
के गहने-कपड़े समेट कर चंपत हो गए। गोराबाजार इलाके की रवींद्रपुरी कालोनी के जिस घर में चोरी हुई वह भीम सिंह की है, जो मऊ के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी माने जाते हैं।
रवींद्रपुरी कालोनी में भीम सिंह और उनके भाई महेंद्र सिंह के परिवार के सदस्य सोमवार की रात को खाना खाने के बाद सो रहे थे। देर रात चोर मकान के पिछले हिस्से के कमरे की खिड़की उखाड़कर घर में दाखिल हुए। आलमारी का
ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहनों से भरा बाक्स उठा लिया। इसके अलावा कुछ कीमती कपड़े भी चोर समेट कर ले गए। चोरों ने घर से कुछ दूरी पर गहने निकाल लिए और बाक्स फेंक दिया। सुबह परिवार के लोग सारा सामान
बिखरा देख कर छानबीन करने लगे तो पता चला कि गहनों से भरा बक्सा गायब है और खिड़की टूटी हुई है। घर वालों का कहना है कि चोर करीब चार लाख के सोने-चांदी के जेवरात के साथ कीमती कपड़ों से भरा बाक्स ले गए थे।
घटना के जानकारी होते ही पास-पड़ोस के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पीड़ित ने तत्काल चोरी की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ करने के साथ मामले की छानबीन की। पीड़ित ने चोरी
की तहरीर थाना में दी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि चोरों के मन में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रह गया है तभी तो पुलिस अधीक्षक के आवास से 50 मीटर दूरी भी चोरी करने में उन्हें संकोच नहीं हो रहा।