गाजीपुर। सैदपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थापित हाईमास्ट लाइट के लंबे समय से खराब पड़े रहने को लेकर सपा विधायक अंकित भारती ने मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन को पत्र लिखकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) संतोष कुमार वैश्य के स्थानांतरण और उनके कार्यों की जांच की मांग की है। विधायक ने पत्र में बताया है कि वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर नियमों के तहत हाईमास्ट लाइटें स्थापित कराई गई थीं। स्थापना के समय यह शर्त तय की गई थी कि कार्यदायी संस्था अगले पांच वर्षों तक इनके रखरखाव की जिम्मेदारी निभाएगी। पत्र में उल्लेख है कि समय-समय पर हाईमास्ट लाइटें खराब होती रहीं, जिसकी जानकारी जनता द्वारा दिए जाने के बाद विधायक ने कई बार मुख्य विकास अधिकारी को पत्र लिखकर मरम्मत कराने का अनुरोध किया। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। विधायक का आरोप है कि वर्तमान सीडीओ के कार्यभार ग्रहण करने के बाद इस प्रकरण में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिला परियोजना अधिकारी द्वारा संबंधित संस्थाओं को पत्र भेजे गए, लेकिन इसे केवल औपचारिकता बताया गया है। विधायक के अनुसार, सैकड़ों हाईमास्ट लाइटें वर्षों से खराब पड़ी हैं, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ रही है। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि सीडीओ के कार्यकाल में विकास कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हुई है और प्रस्तावों को स्वीकृति देने में अनावश्यक देरी की जा रही है, जिससे योजनाओं का क्रियान्वयन बाधित हो रहा है। विधायक अंकित भारती ने मुख्य सचिव से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सीडीओ संतोष कुमार वैश्य का अन्यत्र स्थानांतरण किया जाए तथा गाजीपुर में तैनाती अवधि के दौरान किए गए कार्यों और चल-अचल संपत्तियों की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराई जाए।
सभी आरोप निराधार और बेबुनियाद है। अधिकांश खराब हाईमास्ट लाइटों को बनवा दिया गया है, कुछ को कार्यदाई संस्था को बनाने के लिए कहा गया है।-संतोष कुमार वैश्य, सीडीओ