विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर शनिवार को पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने थानाध्यक्ष कमलेश पाल के साथ-साथ कर्मनाशा नदी के बिहार सीमा से सटे ताजपुर कुर्रा और खजुरी में घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान सीमा पर सतर्कता के साथ निगरानी रखने का निर्देश दिया।
एसपी थाना परिसर पहुंचे जहां चुनाव संबंधी तैयारी के विषय में थानाध्यक्ष कमलेश पाल से आवश्यक विचार-विमर्श किया। इसके बाद पुलिस कर्मियों के साथ दिलदारनगर बाजार होते हुए बिहार की सीमा पर ताजपुर कुर्रा के बाद खजुरी कर्मनाशा नदी घाट पहुंचकर बार्डर की स्थिति को देखा और मतदान के दिन बार्डर पूरी तरस सील करने के लिए स्थानीय पुलिस को आवश्यक निर्देश दिया। मतदाता निर्भीक होकर मतदान कर सकें इसके लिए अराजकतत्वों पर पैनी नजर बनाए रखने को कहा। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने कहा कि चुनाव के दौरान कोई अराजक तत्व अगर डराने, धमकाने की कोशिश करता है तो इसकी शिकायत तत्काल करें। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस निरीक्षक रमाकांत सिंह यादव सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे।