आईएस-191 गैंग के सरगना रहे मुख्तार अंसारी का प्रमुख सहयोगी और शॉर्प शूटर भांवरकोल थानाक्षेत्र के शेरपुर निवासी अंगद राय उर्फ झुल्लन राय के खिलाफ मंगलवार को भांवरकोल और मुहम्मदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। वार्ड पांच, गड़वा मुहम्मदाबाद में अंगद राय की ओर से सगी बहन के नाम पर अर्जित अचल बेनामी संपत्ति को पुलिस ने कुर्क कर जब्त कर लिया। जब्त की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत 1.55 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी पर गैंगेस्टर एक्ट समेत 25 मुकदमे दर्ज हैं।
भांवरकोल थानाध्यक्ष विनय तिवारी की ओर से गत नौ नवंबर को भेजी गई रिपोर्ट पर एसपी डाॅ. ईरज राजा ने संस्तुति की थी। इसके आधार पर डीएम आर्यका अखौरी ने कुर्की का आदेश पारित किया। मंगलवार को सीओ मुहम्मदाबाद शशांक सेंगर की अगुवाई में भांवरकोल पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की। भांवरकोल थानाध्यक्ष के मुताबिक आरोपी अंगद राय एक गिरोह बनाकर लोक व्यवस्था को अस्त-व्यस्त करने के साथ ही अपने और अपने गैंग के सदस्यों के लिए आर्थिक, भौतिक लाभ प्राप्त करने के मकसद से आपराधिक और समाज विरोधी क्रियाकलापों में लिप्त था। उसने बेनामी अचल संपत्ति बना ली थी। उसने यह संपत्ति अपनी सगी बहन नीलम राय पत्नी सत्येंद्र राय, निवासिनी वार्ड नंबर 05, गड़वा मुहम्मदाबाद के नाम से खरीदी थी। इसे कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की गई है। इसमें दो मंजिला आवासीय मकान भी शामिल है।