थाना क्षेत्र के स्थानीय रेलवे स्टेशन स्टेशन के उत्तरी फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर रविवार को एक 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर औड़िहार आरपीएफ और जीआरपी टीम पहुंच गई। स्थानीय थाने की पुलिस एवं जीआरपी में सीमा विवाद की स्थिति बनी रही। पुलिस ने शव को मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया।
सुबह सादात-जखनिया के बीच गेट संख्या 24 के निकट किमी संख्या 106/4 के पास ग्रामीणों ने एक व्यक्ति ट्रैक पर क्षत-विक्षत शव देखा। इधर शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। काफी प्रयास के बाद भी जब शिनाख्त नहीं हो पाई तो उन्होंने इसकी जानकारी स्थानीय रेलवे स्टेशन के अधिकारियों को दी। इधर सूचना मिलते ही औड़िहार की आरपीएफ एवं जीआरपी के अलावा स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक जीआरपी एवं स्थानीय पुलिस टीम के बीच सीमा विवाद का किचकिच होने के बाद पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस भेज दिया। इधर स्टेशन के आसपास के लोगों ने बताया कि मृतक स्टेशन के प्लेटफार्म पर रहकर भीख मांगता था। पुलिस ने आशंका व्यक्त करते हुए बताया कि संभवत: देर रात किसी ट्रेन से व्यक्ति की कटकर मौत हो गई हो गई। थानाध्यक्ष शशिचंद्र चौधरी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक स्टेशन प्लेटफार्म पर रहकर भीख मांगता था। शव के क्षत विक्षत होने के कारण पहचान नहीं की जा सकी। फिलहाल शिनाख्त होने तक शव को मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है।