स्थानीय गांव सात दिसंबर से नौ दिसंबर तक आयोजित अतिप्राचीन धनुषयज्ञ मेले में चेतक प्रतियोगिता और कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इस दौरान मेले में होने वाली भीड़ को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देश पर जमानिया सर्किल के रेवतीपुर, नगसर, जमानिया, दिलदारनगर, गहमर के साथ ही सुहवल थाने के अलावा 39 वीं बटालियन की दो प्लाटून पीएससी के 21 जवान और आठ उपनिरीक्षक, चार हेडकाटेबल, तीस कांस्टेबल के साथ ही दस महिला आरक्षी और एलआईयू की टीम तैनात रहेगी। मेला क्षेत्र में प्रवेश के लिए चार प्वांटों पर वैरियर लगाए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। मेला क्षेत्र को चार सेक्टर में बांटा गया है, जिसकी जिम्मेदारी उपनिरीक्षक स्तर की होगी। जबकि सुहवल प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मेला परिसर में भ्रमण करेंगे। सीओ जमानिया खुद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मानीटरिंग करते रहेंगे।
सात दिसंबर मंगलवार को धनुषयज्ञ और यज्ञ कथा की पुर्णाहूति, आठ दिसंबर बुधवार को सीता विवाह एवं दोपहर 11 बजे से अंतरप्रांतीय चेतक प्रतियोगिता, जबकि अंतिम दिन नौ दिसंबर दिन बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे से अंतरप्रांतीय कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित होगी। यह जानकारी ग्राम प्रधान आशा यादव और मेला संचालक सुधिर राय ने दी है।