जंगीपुर के नवीन मंडी स्थल में निरीक्षण के दौरान साफ सफाई का निर्देश देते राज्य कृषि उत्पादन मंड
गाजीपुर। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को नवीन मंडी स्थल जंगीपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान मंडी की बदहाल व्यवस्थाओं पर उन्होंने सख्त रुख अपनाया है। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में सफाई व्यवस्था बेहद खराब मिलने और नालों पर कब्जे और विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण के साथ व्यवस्थाओं में सुधार के लिए बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई न होने पर मंडी सचिव मुकेश जायसवाल के निलंबित करने का निर्देश दिया।
निदेशक ने निरीक्षण के दौरान सफाई, नालों से कब्जे हटाने और अतिक्रमण समाप्त कराने में बरती गई शिथिलता को गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार मंडी व्यवस्था को प्रभावी, पारदर्शी और किसान केंद्रित बनाया जाना है। किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को मंडी परिसर में स्वच्छता और सुव्यवस्था के साथ अतिक्रमणमुक्त वातावरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कहा कि मंडी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी जारी रहेगी। कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।