सेवराई तहसील क्षेत्र के गहमर इंटर कालेज से सटे एक डिग्री कालेज के बीच की चहारदीवारी को विद्या प्रचारणी सभा के सदस्यों के बिना सूचना और समिति के सहमति के कुछ लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया गया। सूचना पर एसडीएम सेवराई रमेश मौर्या के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया।
तहसील क्षेत्र के गहमर में विद्या प्रचारणी सभा द्वारा गहमर इंटर कॉलेज का संचालन किया जाता है। समिति के एक सदस्य द्वारा रविवार को समिति के अन्य सदस्यों को बिना सूचना के ही गहमर इंटर कॉलेज से सटे डिग्री कॉलेज की चहारदीवारी को जेसीबी से क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया जा रहा था। भनक लगते ही दोनों पक्षों के दर्जनों लोग आमने-सामने आ गए। सूचना मिलते ही सेवराई एसडीएम रमेश मौर्या और सीओ हितेंद्र कृष्ण भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और चहारदीवारी को क्षतिग्रस्त कर रहे जेसीबी को रोकवाया। उन्होंने जेसीबी पर कार्यवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाई करने की भी चेतावनी दी। साथ ही चेताया कि अगर कोई भी शांति भंग करने एवं उपद्रव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अप्रिय हरकत करते पकड़े गया तो उन्हें चिन्हित कर उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विद्या प्रचारणी सभा के एक सदस्य द्वारा जबरन समिति के अन्य सदस्यों को बिना विश्वास में लिए चहारदीवारी को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया जा रहा था। जिसे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर रोकवा दिया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
- सेवराई रमेश मौर्या, एसडीएम