सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में धड़ल्ले से चल रहे अवैध मिट्टी खनन पर अंकुश लगाने को लेकर कार्रवाई शुरू हो गई है। सोमवार को एसडीएम राजेश प्रसाद ने पांच ट्रैक्टर एवं एक डंपर को सीज कर दिया। इस कार्रवाई से मिट्टी खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
इलाकों में धड़ल्ले से चल रहे अवैध मिट्टी खनन की शिकायत ग्रामीणों ने कुछ दिन पूर्व एसडीएम से की थी। कई बार शिकायत मिलने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर एसडीए स्वयं भदौरा बस स्टैंड मुख्य तिराहे पर वाहनों की जांच शुरू कर दिए। इस दौरान तेज रफ्तार से आ रहे दो ट्रैक्टर को रोककर चालक कागजात मांगा गया, तो उसने असमर्थता जताई। इसके बाद एसडीएम ने मिट्टी लदे ट्रैक्टरों को सीज करते हुए सेवराई चौकी पुलिस को सौंप दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक डंपर को रोककर उसके कागजात मांगा गया, लेकिन चालक द्वारा कागजात नहीं दिखाने पर उसे भी सीज कर पुलिस को सौंप दिया गया। इसके बाद एसडीएम बारा पुलिस चौकी पहुंचे। जहां उन्होंने वाहनों की जांच पड़ताल शुरू की। इस दौरान गुजर रहे तीन ट्रैक्टर को कागजात न होने के कारण सीज करते हुए पुलिस को सौंप दिया। इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में खलबली मची हुई है। इस संबंध में एसडीएम सेवराई राजेश प्रसाद ने बताया कि बीते कई दिनों से अवैध मिट्टी खनन की शिकायत मिल रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए चेकिंग अभियान चलाया गया। पांच ट्रैक्टर और एक डंपर को सीज किया गया है। साथ ही स्थानीय पुलिस को चेताया गया है कि अगर अवैध खनन पर नियंत्रण नहीं मिला तो संबंधित दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।