क्षेत्र के संत लखनदास नागा बाबा पचोतर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भारत स्काउट-गाइड के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हो गया।
ट्रेनर इनामुल्लाह अंसारी, मनीष यादव ने राष्ट्र सेवा, रस्सी गांठ बांधना, आपदा प्रबंधन, राष्ट्र के संकट काल एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तौर तरीके बताए। स्काउट-गाइड के प्रतिभागियों ने बिना बर्तन के भोजन बनाना, टेंट एवं तंबू बनाना, घायलों को बिना स्ट्रेचर के उपचार के लिए ले जाना, ध्वज शिष्टाचार, मार्च पास्ट, स्काउटिंग गेम, आत्मरक्षा के गुर, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तौर तरीके आदि गतिविधियों को प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय के संस्थापक जितेंद्रनाथ पांडेय ने शिविर को प्रक्षिक्षुओं के प्रति लाभदायक बताते हुए कहा कि स्काउट-गाइड से देश प्रेम की भावना जागृत होती है। अनुशासन ही स्काउट की प्रथम पाठशाला है तथा छात्र-छात्राएं राष्ट्र की धरोहर हैं। स्काउट के प्रशिक्षण से ही सर्वांगीण विकास होता है और नेतृत्व करने की क्षमता बढ़ती है। कहा कि संस्कार से ही संसार को जीता जा सकता है। जिला संगठन आयुक्त दिनेश यादव ने कहा कि प्रशिक्षु आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहेंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विजय नारायण मिश्रा, मनोज मौर्या, अमीरचंद्र प्रजापति, श्रवण कुमार, सुनील पांडेय, आनंद प्रकाश द्विवेदी, सोनी वर्मा, लौटू राम, प्रभाकर पांडेय, अजय सिंह, मुन्ना मिश्रा, प्रवीण पांडेय, एनडी मिश्रा आदि मौजूद थे।