अखिलेश यादव ने कहा कि यह वही सरकार है, जिसने कहा था कि जो हवाई चप्पल में चलता है, उसे हवाई जहाज में बैठाएंगे। जिस तरह पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं, इसमें हमारे गरीब, किसान की गाड़ी नहीं चल पाएगी। उनकी मोटरसाइकिल नहीं चल पाएगी। सरकार ने हर चीज पर महंगाई बढ़ा दी है। भाजपा सरकार किसानों को डीएपी नहीं दे पाई। इस प्रदेश में बुल और बुलडोजर चल रहा है। चुनावों से पहले भाजपा ने नौजवानों को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन वह नौजवान बेरोजगारों को आज तक रोजगार नहीं दे पाई है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हर वर्ग के लोगों ने बदलाव का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि इस जनसभा में लाल, पीला, हरा, नीला, इंद्रधनुष की तरह रंग दिख रहे हैं। भाजपा की तरह एक रंग वाले कभी भी बदलाव नहीं ला सकते। समाजवादी का रंग सब लोगों को साथ लेकर चलने वाला रंग है।