गाजीपुर। नगर समेत अधिकांश ग्रामीण हिस्सों में बुधवार को पूरे दिन रिमझिम बरसात होती रही। कभी तेज तो कभी धीमी बारिश का दौर चला। कुल 13 एमएम बारिश हुई। इस दौरान नगर के कई सड़कों पर जलभराव हो गया था। वहीं फिसलन से काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण नगर के कचहरी के पास फिसलन की स्थिति रही। वहीं नवापुरा और पीरनगर में सड़कों पर जलभराव की स्थिति देखी गई। इसी तरह का दृश्य मारकीनगंज में देखने को मिला। जलभराव और फिसलन की स्थिति कमोवेश नगर के हर सड़कों पर देखने को मिली।
सीवर पाइप लाइन बिछाने को लेकर हुई खोदाई के कारण नगर की अधिकांश सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। बरसात होने के कारण इन सड़कों पर चलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नगर में मंगलवार की देर रात भी बारिश हुई थी। इसके साथ ही अगले दिन सुबह से शुरू रिमझिम बारिश का दौर शाम तक बरकरार रही। लगातार बारिश होने के कारण मौसम काफी सुहावना हो गया। लोगों को उमस से काफी राहत मिली। कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज के मौसम वैज्ञानिक कपिलदेव शर्मा ने बताया कि अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
देवकलीः क्षेत्र में बारिश होने से लोगों को उमस से काफी राहत मिली। बारिश होने के कारण किसानों के चेहरे खिल उठे। दोपहर के बाद झमाझम बारिश होने से गांव की गलियों, बाजारों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। वहीं बारिश शुरू होने पर बत्ती गुल हो गई। इसके कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
तेज हवा से गिरा पेड़, तार टूटने से 12 घंटे गुल रही बत्ती
मरदह। बुधवार को तेज हवा और बारिश से पेड़, बिजली के तार और पोल टूटे गए। इससे क्षेत्र में 12 घंटे तक बिजली गुल रही और 150 गांवों की दो लाख की आबादी प्रभावित रही। देर शाम को बिजली बहाल हुई। रायपुर, बाघपुर और उच्चौर गांव में बिजली के तार पर टहनियां टूटकर गईं। नरवर गांव में बिजली का तार टूट गया। छोटका मरदह गांव में बिजली के पोल पर विशालकाय बरगद का पेड़ गिर गया। गोविंदपुर कीरत गांव में बिजली का पोल गिर गया। अरखपुर गांव में बिजली का एलटी का तार टूट गया। वहीं दूसरी ओर मेन सप्लाई 33 हजार बढ़ुआ गोदाम मऊ से ब्रेक डाउन में रहा। विभाग के स्थानीय संविदा कर्मी पूरे दिन मौके पर पहुंचकर फाल्ट को ठीक करने के प्रयास में जुटे रहे। बिजली निगम के जेई एसके ओझा ने बताया आंधी और बारिश की वजह से उत्पन्न हुए कई जगह आई फाल्ट को समस्या को दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। संवाद
शुरू हुआ खरीफ की खेती का कार्य
औड़िहार। सैदपुर क्षेत्र में झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। उनके चेहरे पर मुस्कान दिखाई देने लगी। एक तरफ लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिली, तो दूसरी ओर खरीफ की खेती का काम शुरू हो गया है। बारिश ने धान की नर्सरी को जीवन दान दे दिया है। किसान धान की रोपाई में लग गए हैं। संवाद