थाना क्षेत्र के दशवंतपुर मेख गांव में बीते शनिवार की रात अलाव की चिंगारी से लगी आग में एक व्यक्ति की रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गई। इस घटना में झोपड़ी में रखा गृहस्थी का सामान और 40 हजार रुपये भी जल गए। इसके चलते पीड़ित परिवारीजन कड़कड़ाती ठंड में खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।
दशंतवतपुर मेख गांव निवासी बालचंद राम अपने परिवार के साथ रिहायशी झोपड़ी में रहता है। बीते शनिवार की रात परिवार के लोग ठंड से बचाव के लिए झोपड़ी के अंदर अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान अलाव से निकली चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गई। परिवार वाले शोर मचाते हुए झोपड़ी से बाहर भागे।
आग की लपटों को देखकर मौके पर जुटे आसपास के लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, तब तक झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। पीड़ित ने बताया कि झोपड़ी में रखा 40 हजार रुपये नगदी, कीमती जेवर, बर्तन आदि जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर रविवार को क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
लेखपाल ने बताया कि आग में हुई क्षति की रिपोर्ट प्रशासन को सौंपकर पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।