नेहरू स्टेडियम में अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइज मनी पुरुष फुटबाल प्रतियोगिता में रविवार को दो मैच खेले गए। इसमें पहले मुकाबले ने एकता क्लब भोपाल ने तथा दूसरे मैच में कंबाइंड हास्टल उत्तर प्रदेश ने दिलचस्प मुकाबले में जीत दर्ज कर अगले चरण में प्रवेश किया।
पहले मैच में 7/11 जीआर लखनऊ और एकता क्लब भोपाल के बीच मुकाबला हुआ। पहले हाफ में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। पहला हाफ समाप्त होने से कुछ छण पहले भोपाल के अरबाज ने टीम के लिए बेहतरीन गोल कर निर्णायक बढ़त दिला दी। यह बढ़त अंत तक कायम रही।
इस मैच में मुख्य निर्णायक की भूमिका में घनश्याम सिंह तथा सहायक में इफ्तेखार खां, हाजी मुनौव्वर और उपेंद्र शुक्ल रहे। दूसरे मैच कम्बाइंड हास्टल उत्तर प्रदेश और मीकन क्लब रांची के बीच खेला गया। पहले हाफ तक कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। दूसरे हाफ में कम्बाइंड हास्टल की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।
टीम के सूरज ने पहला गोल किया, जिसकी बढ़त अंत तक कायम रही और कम्बाइंड हास्टल ने 1-0 से जीत दर्ज की। मैच में मुख्य निर्णायक के रूप में मेहताब अहमद, सहायक मनोज तिवारी, उपेंद्र शुक्ल और मो. इफ्तेखार खान मौजूद रहे। मैच का आंखों देखा हाल शाहजहा और नफीस ने प्रस्तुत किया। आयोजन को सफल बनाने में उप क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार, दिलीप सिंह, राघेश्याम, अशोक, नफीस, सुदामा राम तथा अश्विनी राय का विशेष सहयोग रहा।
प्रतियोगिता में आज खेले जाने वाले मैच- पहला मैच एमकेएस बिहार बनाम नैनीताल दिन में 12 बजे से। दूसरा मैच जे एंड के बैंक बनाम एकता क्लब भोपाल दिन में 2 बजे से।