लालगंज। फसलों का सर्वे पूरा नहीं होने से धान खरीद के लिए पंजीकरण कराने में आ रही बाधा के लिए शुक्रवार को लालगंज ब्लॉक के किसानों ने छानबे विधायक रिंकी कोल को ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने सर्वे में हुई लापरवाही की जांच कराने और छूटे हुए खेतों का तत्काल सत्यापन कराकर पंजीकरण की वेबसाइट पर फसल का विवरण दर्ज कराने की मांग की। किसानों का कहना है कि खेतों में धान की फसल तैयार है। लेकिन सर्वे नहीं होने से सरकारी खरीद के लिए पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। इससे क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान धान बिक्री को लेकर परेशान हैं। किसानों ने बताया कि बल्हिया कला, मेंढ़रा, बरडीहा, अमहा, मानिकपुर, लालगंज, गगहरा, रेही और मटियारी समेत दर्जनों गांवों में यह समस्या बनी हुई है। ज्ञापन देने वालों में अनिल, कमलजीत त्रिपाठी, राजेश्वर, संतोष, दशरथ तिवारी और जयप्रकाश पांडेय सहित अन्य किसान शामिल रहे।