मड़िहान तहसील से नशा मुक्ति जागरुकता रैली निकालती छात्राएं, संवाद
- फोटो : Self
आवासीय जयप्रकाश नारायण बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश
मड़िहान। नशे के दुष्परिणाम के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से देवरी (मड़िहान) स्थित जयप्रकाश नारायण बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने रैली निकाल कर नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया।
कॉलेज से निकली छात्राओं ने मड़िहान तहसील परिसर पहुंचकर लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। रैली के दौरान छात्राओं ने बताया कि नशे से लीवर, फेफड़े और दिल पर गंभीर रूप से असर पड़ता है, याददाश्त कमजोर होती है। मानसिक तनाव और अवसाद बढ़ता है। नशा न केवल व्यक्ति का जीवन बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार को आर्थिक और सामाजिक रूप से प्रभावित करता है।
छात्राओं ने लोगों से नशे से दूर रहने और अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने की अपील की और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य वृद्धि नारायण तथा स्वेच्छा दुबे, सुनीता कुमारी, विजयलक्ष्मी, सुनीता यादव, जय देवी गौतम, सरिता कुमारी सहित समस्त शैक्षिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे।