सुहवल। जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य ने मंगलवार को विकासखंड रेवतीपुर के ग्राम पंचायत कालूपुर में पेयजल परियोजना के तहत बनाई गई पानी कीे टंकी का निरीक्षण किया। इस दौरान पानी टंकी के चारो तरफ बनाई गई चहारदीवारी क्रैक पाई गई एवं टंकी के नीचे बनाया गया फर्श भी टूटा मिला। इसे देखकर जिलाधिकारी की त्योरी चढ़ गई। नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने एई एवं जेई के वेतन से रिकवरी का निर्देश दिया। उनके वेतन से ही चहारदीवारी एवं फर्श की मानक के अनुरूप मरम्मत कार्य कराने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि एई का वेतन आहरण तब तक न किया जाए, जब तक कि यहां मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण न हो जाए। जिलाधिकारी ने पानी की टंकी से बिछाए गए 8.9 किमी पाइपलाइन की जानकारी ली और मौके पर स्वयं खुदवाकर चेक किया। इसमें पाया गया कि पाइप लाइन को मानक के अनुरूप नहीं बिछाया गया है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उचित गहराई में बिछाने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने गांव में लगाए गए खड़ंजा, सीसी रोड जो जर्जर अवस्था में थे उसको सही कराते हुए चलने योग्य बनाने का निर्देश दिया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, अधिशासी अभियंता जल निगम आदि उपस्थित थे।