कासिमबाद। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र में पानी भर जाने से मंगलवार को चार फीडरों से जुड़े 150 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इससे ग्रामीणों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। जबकि एक वर्ष से परिसर में कंट्रोल रूम बनकर तैयार है। अधिकारियों की लापरवाही से स्थिति जस की तस बनी हुई है।
इलाके के गंगौली, बांकी, बरार और सिंगेरा फीडरों की विद्युत सप्लाई स्थानीय 33 केवीए के विद्युत उपकेंद्र से की जाती है। सुबह तेज वर्षा के चलते उपकेंद्र में पानी भर गया। इसके बाद एहतियातन विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। एक फीडर पर करीब तीस से चालीस गांवों में विद्युत आपूर्ति होती है। जबकि जर्जर हो चुके कंट्रोल रूम को देखते हुए एक वर्ष पहले नया कंट्रोल रूम बनकर तैयार हो गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई। यही नहीं बार-बार विद्युत आपूर्ति ठप होने की समस्या करीब दो माह से बनी हुई है। एसडीओ संजीव भाष्कर ने बताया कि बताया कि विद्युत तार की आपूर्ति नहीं होने से नए रूम में शिफ्टिंग नहीं हो पा रही है। आपूर्ति जो बंद है, शीघ्र चालू कराने का प्रयास किया जा रहा है।