थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के सामने नव निर्मित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हुई, हादसे में बाइक पर सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। टक्कर इतनी तेज थी, कि हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा और आग लगने से बाइक जलकर राख हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजी। दुर्घटना में घायल युवक की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। इधर परिजनों के रोने से गांव में मातम छा गया। मृतक युवकों के चाचा की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्जकर छानबीन में जुटी है।
पखनपुरा गांव निवासी अफसर (15) सगे भाई दानिश (18) और मित्र सद्दाम के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर सुबह साढ़े नौ बजे कहीं जा रहे थे। चांदपुर गांव के सामने लखनऊ से भांवरकोल की तरफ तेज गति से जा रही ने कार बाइक में सामने से टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक कई फीट ऊपर जाने के बाद सड़क पर गिरी इसके बाद उसमें आग लग गई। जबकि बाइक सवार तीनों थोड़ी दूरी पर गिरे। इस दौरान बाइक धूं-धूंकर जलने लगी। दुर्घटना में घायल सगे भाई दानिश और अफसर की तो मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मित्र सद्दाम लहूलुहान होकर छटपटा रहा था। टक्कर की आवाज सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजी। वहीं घायल को इलाज के लिए सीएचसी मुहम्मदाबाद लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर दिया। सदर अस्पताल के डाक्टरों ने सद्दाम की हालत गंभीर देख उसे उपचार के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर भेज दिया। चालक के फरार होने पर पुलिस कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दी। सगे भाईयों की मौत से पखनपुरा गांव में कोहराम मचा हुआ है। वहीं मृतक के चाचा मुहम्मद ईशा खां ने चालक के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। इस संबंध में थानाध्यक्ष बीबी सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्जकर वाहन को कब्जे में लिया गया है। वाहन स्वामी का पता लगाकर चालक की तलाश की जा रही।