गाजीपुर। यात्री सुविधा में उन्नयन एवं परिचालनिक सुगमता के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के वाराणसी सिटी-छपरा रेल खंड पर चल रहे दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत औड़िहार-तरांव रेल खंड में नवनिर्मित दूसरी लाइन का संरक्षा परीक्षण 12 अक्तूबर को रेल संरक्षा आयुक्त पूर्वी परिक्षेत्र मो. लतीफ़ खान द्वारा किया जाएगा। यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी वाराणसी अशोक कुमार ने दी है।
उन्होंने बताया कि वाराणसी सिटी-छपरा रेल खंड में पड़ने वाले औड़िहार-तरांव सेक्शन एवं इसमें पड़ने वाले सैदपुर भितरी स्टेशन के मध्य दोहरीकरण कार्य के पूर्ण होने के फलस्वरूप संरक्षा मानकों को परखने के लिए रेल संरक्षा आयुक्त अपने स्पेशल यान से सोमवार को सुबह नौ बजे मंडुवाडीह से रवाना होकर 9:45 बजे तरांव स्टेशन पहुंचेंगे। 10:30 बजे तक स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद पुश ट्राली से तरांव-सैदपुर भितरी निरीक्षण करते हुए 11:45 बजे सैदपुर भितरी पहुंचेंगे। स्टेशन निरीक्षण के बाद 12:15 पर पुश ट्राली से सैदपुर भितरी-औड़िहार ब्लाक सेक्शन का निरीक्षण करते हुए दो बजे औड़िहार जंक्शन पहुंचेंगे। अपराह्न तीन बजे तक संपूर्ण निरीक्षण के बाद विद्युत इंजन से औड़िहार से तरांव स्टेशन तक स्पीड ट्रायल किया जाएगा। उन्होंने स्पीड ट्रायल के दौरान इस क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों से अपील किया कि वे रेलवे ट्रैक से दूर रहें और पूरी सावधानी बरतें। अपने बच्चों और मवेशियों को रेलवे ट्रैक पर बिलकुल न जाने दें।