गाजीपुर। अटेवा-पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को विकास भवन से आक्रोश मार्च निकाला। विभिन्न रास्तों से होते हुए सरजू पांडेय पार्क तक मार्च निकालने के बाद प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
इस मौके पर आयोजित सभा में संगठन के जिला संयोजक सरफराज खान ने कहा कि केंद्र सरकार की नौकरियों में एक जनवरी 2004 से शिक्षकों, कर्मचारियों व अधिकारियों को दी जाने वाली पुरानी पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर शेयर बाजार पर आधारित नवीन पेंशन व्यवस्था व यूपीएस लागू कर दी गई है। यह न तो कर्मचारियाें के हित में है और न ही देश-प्रदेश के। जिला महामंत्री मानवेंद्र सिंह ने कहा कि एनपीएस व यूपीएस में कर्मचारियों के साथ ही सरकार का पैसा भी प्राइवेट कंपनियों के पास जा रहा है। मंडल अध्यक्ष मारकंडेय यादव ने कहा कि नवीन अंशदायी पेंशन योजना में न्यूनतम पेंशन की गारंटी और डीए देय नहीं है। साथ ही इस प्रक्रिया में धन निकासी की प्रक्रिया भी जटिल है। सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रोशन लाल ने कहा कि कर्मचारियों को पुरानी पेंशन के लिए अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। इस मौके पर प्रदेश सोशल सह मीडिया प्रभारी डॉ. योगेंद्र यादव, डॉ. जी सिंह कश्यप, अकबर अंसारी, प्रीति सिंह, योगेंद्र पटेल, सेराज अहमद, विजय यादव, राधेश्याम सिंह यादव आदि ने विचार व्यक्त किया।