जिले में आगामी गेहूं की खरीद की तैयारी जोर पकड़ने लगी है। दो एजेंसियों की ओर से 7 क्रय केंद्र खोलने का प्रस्ताव दिया गया है। इसकी बिक्री के लिए किसानों की ओर से पंजीकरण कराया जा रहा है। अब तक सभी सात तहसील क्षेत्रों के एक हजार से ज्यादा ने पंजीयन करा लिया है।
गेहूं की खरीद पहली अप्रैल से होगी। अभी इसमें काफी समय शेष है लेकिन इसकी तैयारी तेज होने लगी है। कुछ दिनों पहले विभिन्न संस्थाओं के 69 क्रय केंद्रों को अनुमोदित किया गया है। इसमें विपणन के 18, पीसीएफ के 12, पीसीयू 24, यूपीएसएस 7, मंडी समिति दो और एफसीआई के छह केंद्र शामिल हैं। इसी क्रम में दो संस्थाओं एनसीसीएफ ने छह और मंडी समिति ने एक और केंद्र खोलने का प्रस्ताव दिया है। गेहूं की बिक्री के लिए किसानोंं की तरफ से पंजीयन कराया जा रहा है। अब तक 1026 किसानों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें जखनिया के 130, सैदपुर 55, सदर 170, मुहम्मदाबाद 47, जमानिया 247, कासिमाबाद 95 और सेवराई तहसील क्षेत्र के 282 किसान पंजीकरण करा चुके हैं। उधर जिले में इस बार धान की शानदार खरीद हुई है। शासन की ओर से निर्धारित लक्ष्य 22 लाख क्विंटल की तुलना में 154 क्रय केंद्रों से अब तक 112.39 प्रतिशत यानी 2472539.46 क्विंटल की खरीद 31592 किसानों से की गई है। बीते वर्ष 22 लाख 80 हजार क्विंटल की खरीद के लिए 173 केंद्र खोले गए थे। उस दौरान अब तक 88.37 फीसदी यानी 2014951.54 क्विंटल 28996 किसानों से हुई थी।