करंडा। विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय खेत ग्रामीण मजदूर सभा ने करंडा ब्लाक पर शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान अखिल भारतीय खेग्रामस गाजीपुर के जिला सचिव राजेश बनवासी ने कहा कि करंडा ब्लाक लूट और भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है, इसलिए तीन नंबर की ईंट तथा घटिया किस्म के मैटेरियल का प्रयोग कर शौचालय मद के धन को लूटा जा रहा है।
कहा कि मनरेगा गावों में गरीबों को रोजगार देने के लिए बना है, लेकिन बगैर काम कराए फर्जी मस्टरोल बनाकर विकास मद का धन लूटा जा रहा है। उन्होंने साल भर 200 दिन काम तथा रोजाना 500 रुपये मजदूरी देने की मांग उठाई। भाकपा (माले) जिला सचिव रामप्यारे राम ने कहा कि मुफ्त बिजली कनेक्शन तथा रसोई गैस के नाम पर सरकार गरीबों को छल रही हैं। गरीबों की झोपड़ी में बिजली का मीटर ठोक दिया गया है, लेकिन तार और खंभा का पता नहीं है। एक महीने में कहीं चार हजार, कहीं साढ़े चार का बिल भेजकर बसंत पटटी, तुला पट्टी, मैनपुर करंडा आदि गावों में गुंडागर्दी के बल पर वसूली की जा रही। धरना-प्रदर्शन को सत्येंद्र कुमार, संजय भारती, राजेश एकलव्य, मंजू गोंड, परमज्योति देवी, रामदरश राम, रामदरश विश्वकर्मा, राजदेव, किशन कुमार, राम अशीष बिंद ने सम्बोधित किया। अध्यक्षता कमलाकर राम तथा संचालन सत्येंद्र कुमार ने किया।