शहर के लूदर्स कांवेंट बालिका इंटर कालेज में परीक्षा पे चर्चा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ब?
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बैठने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा में तनाव से मुक्त रहने का टिप्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में दिया। दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में देश भर के दो हजार बच्चों को आमंत्रित किया गया था। इसमें गाजीपुर जिले से तीन विद्यार्थियों शिवांगी, प्रशांत और आदित्य को भी बुलाया गया था। कार्यक्रम में पहुंचे जिले के तीनों बच्चे बहुत खुश थे।
देश के विभिन्न हिस्सों से आए इन छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री से पढ़ाई के संबंध में कई सवाल पूछे, जिसका जवाब पीएम की ओर से दिया गया। पढ़ाई को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब से विद्यार्थी संतुष्ट नजर आए। प्रधानमंत्री के परीक्षा पर चर्चा-2020 कार्यक्रम को जिले के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के छात्र एवं छात्राओं ने सोमवार को बड़े रुचि के साथ दूरदर्शन, आकाशवाणी और अन्य माध्यमों से प्रसारण देेखा और सुना। इस प्रसारण को जिले के माध्यमिक विद्यालयों में दिखाने के लिए टीवी और रेडियो की व्यवस्था की गई थी। सभी विद्यालयों की तरफ से प्रसारण की रिपोर्ट तैयार कर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में उपलब्ध कराई गई। इसकी मानीटरिंग जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा की गई। इसके लिए सुबह से ही बच्चे नियत स्थान पर बुलाए गए थे। कार्यक्रम पूर्वांह्न 11 बजे से डेढ़ बजे तक चला। विभिन्न विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री से पढ़ाई पर पूछे गए सवाल और जवाब को पूरी ऊर्जा और इच्छा शक्ति के साथ देखते रहे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सवाल और जवाब को लेकर शाम तक छात्रों के बीच चर्चा होती रही।