नगर के कचहरी स्थित एक दुकान पर बिकते प्लास्टिक के उत्पाद-संवाद
गाजीपुर। जनपद में प्लास्टिक के उत्पादों की कीमत में 10 प्रतिशत तक का इजाफा हो गया है। व्यापारियों का कहना है कि प्लास्टिक के दाने महंगे हो गए हैं। इसका सीधा असर प्लास्टिक के उत्पादों पर पड़ा है। प्लास्टिक के दानों से ही प्लास्टिक के उत्पादों का निर्माण होता है।
जनपद में प्लास्टिक के उत्पादों की मैन्यूफैक्चरिंग नहीं होती है बल्कि दूसरे जनपदों से खरीदकर बिक्री की जाती है। जनपद में ज्यादातर प्लास्टिक के उत्पाद वाराणसी से आते हैं। प्लास्टिक उत्पादों के महंगे होने के कारण ग्राहकों को जेब ढीली करनी पड़ रही है। हर घर व कार्यालय में प्लास्टिक उत्पादों का इस्तेमाल होता है। इसके कारण लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। रौजा के प्लास्टिक उत्पाद व्यवसायी सुरेंद्र प्रसाद व सिंचाई विभाग चौराहा के अमन प्रजापति ने बताया कि प्लास्टिक के उत्पाद महंगे हो गए हैं। 300 रुपये वाले पेन बॉक्स की कीमत 310, किताबों पर चढ़ाने वाले रॉल 1600 रुपये पेटी से 1760, टेप रॉल 1800 से 1980, बाल्टी 100 से 110 रुपये की हो गई है। पॉटी पाट 400 से 440, पालना 600 से 660 व ट्राइसाइकिल की कीमत 1150 से 1275 रुपये हो गई है।