जमानिया। कोतवाली क्षेत्र में किराये के मकानों में रह रहे लोगों की पहचान और निगरानी को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ाई है।
कोतवाली परिसर में किरायेदार रजिस्टर बनाया गया है, जिसमें किरायेदारों का नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज की जा रही हैं। पुलिस ने उनका सत्यापन भी शुरू कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में किराए पर रहने वाले लोगों की पहचान जरूरी है, जिससे संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को समय रहते चिह्नित किया जा सके। उन्होंने अपील की कि जिन मकान मालिकों के यहां किरायेदार रह रहे हैं, वे अपने उनकी पूरी जानकारी नाम, पता, मोबाइल नंबर और पहचान पत्र की प्रतिलिपि कोतवाली में जल्द से जल्द उपलब्ध करा दें। अगर कोई मकान मालिक जानकारी छिपाता है या सत्यापन नहीं कराता और भविष्य में उसके यहां से कोई आपराधिक गतिविधि पाई जाती है तो उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
बताया कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले किरायेदारों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है।