भांवरकोल। थाना क्षेत्र के धनेठा गांव में चार दिन पूर्व मारपीट के दौरान युवक की हुई मौत के मामले में पुलिस ने रविवार की वीरपुर मोड़ के पास से पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस के टुकड़े और एक फटी हुई बांस की लाठी भी बरामद हुई। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों का चालान कर दिया।
धनेठा गांव में बीते 23 मार्च को गांव निवासी राहुल राय ने खेत में काम कर रहे अवधेश पासवान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। भाई को बचाने के लिए अवधेश के दो अन्य भाई भी पहुंचे और मारपीट होने लगी। इसी दौरान राहुल राय के पिता भी पहुंचकर बीच- बचाव करने लगे। मारपीट में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए गोड़उर सीएचसी पर उपचार के लिए लेकर आया। जहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल में राहुल राय की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर तलाश शुरू कर दिया था। पुलिस ने वीरपुर मोड़ के पास से घेराबंदी करके आरोपी जयशंकर राम, जीतन पासवान, अमित पासवान, राजेंद्र पासवान और त्रिलोकी पासवान को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चार बांस के टुकड़े और एक फटी हुई बांस की लाठी भी बरामद कर ली गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह ने बताया कि पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।