नंदगंज। फतेउल्लाहपुर में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर गोदाम बनाने के मामले में आरोपी मऊ के पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां अंसारी, साले आतिफ रजा और अनवर सज्जाद के आवास पर रविवार को पुलिस ने बयान देने के लिए नोटिस चस्पा किया। डोमनपुरा गांव के रवींद्र नारायण सिन्हा के परिवार के सदस्यों को नोटिस तामिल कराया गया।
फतेउल्लाहपुर में मुख्तार अंसारी की पत्नी और दोनों सालों के नाम पर सार्वजनिक उपयोग की जमीन गोदाम बनाया गया था, जिसे प्रशासन ने उसे ध्वस्त कर दिया। नंदगंज पुलिस ने इस मामले में मुहम्मदाबाद कोतवाली नगर के दर्जी मुहल्ला निवासी अफशां अंसारी पत्नी मुख्तार अंसारी, महरूपुर गांव के मुख्तार अंसारी के साले आतिफ रजा और अनवर सहजाद के साथ उनके सहयोगी डोमनपुरा गांव के रवींद्र नारायण सिन्हा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी जांच चल रही थी। विवेचक थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी रजादी सुरेंद्र नाथ सिंह, सिरगिथा संदीप दुबे, उप निरीक्षक शिवपूजन बिंद के साथ कोतवाली पहुंचे। वहां से उप निरीक्षक केपी सिंह और आरक्षी दीपक मिश्रा के साथ आरोपियों के आवास पर पहुंचे। दर्जी मोहल्ला आवास पर अफशां अंसारी और महरूपुर में आतिफ रजा एवं अनवर सहजाद के न मिलने पर नोटिस चस्पा किया। रवींद्र नारायण सिन्हा के डोमनपुरा आवास पर पहुंचकर उनके परिवार के सदस्य को नोटिस तामिल कराया। इस संबंध थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले के आरोपियों को बयान के लिए कई बार बुलाया गया लेकिन वे नहीं पहुंचे। अब उन्हें नोटिस देकर 30 मार्च को विवेचक के समक्ष प्रस्तुत होकर बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।