गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के बबेड़ी बिरहिमाबाद गांव में दो दिन पूर्व रास्ते में भैंस बांधने से मना करने पर पिता-पुत्र ने लाठी-डंडे से मारपीटकर मजदूर की हत्या कर दी थी। मुकदमा दर्जकर पुलिस दोनों हत्यारोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार को लंका बस स्टैंड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त लाठी-डंडा भी बरामद कर लिया।
बबेड़ी गांव निवासी अशोक बिंद की छोटी पुत्री बीते 29 जनवरी की देर शाम घर तक आने वाले सकरे रास्ते में बंधी भैंस को हटाने के लिए बड़े पिता श्रीनाथ बिंद के घर गई। जहां श्रीनाथ बिंद और उसका पुत्र सतीश बिंद कहासुनी करने के साथ अशोक बिंद की छोटी पुत्री को मारपीटकर घायल कर दिया।
कुछ देर बाद बाजार से घर लौटे सुनील बिंद (22) को जब मारने-पीटने की जानकारी हुई तो वह बड़े पिता और चचेरे भाई सतीश से बात करने उनके घर गया। वहां दोनों ने मिलकर मारपीटकर सुनील को गंभीर रूप से घायल कर दिए। बाद में मौत हो गई। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी श्रीनाथ बिंद और सतीश बिंद के खिलाफ मुकदमा दर्जकर तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने लंका बस स्टैंड के पास से हत्यारोपी श्रीनाथ बिंद और सतीश बिंद को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल पांडेय ने बताया कि हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया।