गाजीपुर। जनपद में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने शुक्रवार को 18 सूत्री मांगों को लेकर जिला मुख्यालय स्थित सीएमओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष ओंकारनाथ पांडेय के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के बाद फार्मासिस्टों ने एसीएमओ डॉ. रामकुमार को मांगपत्र सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
जिलाध्यक्ष ओंकारनाथ पांडेय ने कहा कि एसोसिएशन ने शासन को भेजे गए मांगपत्र में फार्मासिस्ट का पदनाम बदलकर फार्मेसी अधिकारी करने की मांग की है। इसके अलावा चीफ फार्मासिस्ट का पदनाम चीफ फार्मेसी अधिकारी और विशेष कार्याधिकारी (फार्मेसी) का पदनाम बदलकर सहायक निदेशक फार्मेसी करने का प्रस्ताव रखा है।
फार्मासिस्टों ने प्राथमिक उपचार के साथ सीमित आवश्यक दवाएं लिखने का अधिकार देने और ग्रामीण अस्पतालों में ओपीडी सेवा शुरू करने की मांग उठाई। इसके साथ ही रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने, लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने और वर्ष 2005 के बाद नियुक्त फार्मासिस्टों की वरिष्ठता सूची जारी करने की मांग की गई।
मांगपत्र में वेतनमान और भत्तों में सुधार, एंबुलेंस एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के माध्यम से दवा वितरण की व्यवस्था तथा जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही।
एसोसिएशन ने फार्मेसी संवर्ग का पुनर्गठन करने, कार्यक्षेत्र से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने और मेडिकल कॉलेजों और महिला अस्पतालों में फार्मासिस्टों के नए पद सृजित करने की मांग भी की। जिलामंत्री रमेशचंद्र ने कहा कि उनकी मांगों पर शासन स्तर से सकारात्मक निर्णय लेकर समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। इस मौके पर विजय श्रीवास्तव, इमरान, अंगद यादव, प्रदीप ,शशिकांत सहित जनपद के सभी फार्मेसिस्ट मौजूद रहे। संवाद