रोडवेज की बस से यात्रा करने वाले लोगों को लंबी दूरी की आरामदायक यात्रा की सौगात मिलेगी। स्थानीय डिपो को अगले महीने दस नई बसें मिलने वाली हैं। इन बसों के मिलते ही जहां चित्रकूट के लिए नई बस सेवा की शुरुआत की जाएगी, वहीं दिल्ली और मथुरा के लिए संचालित की जा रही बसों को हटाकर उनकी जगह इन नई बसों को चलाया जाएगा। इन बसों का संचालन लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
राज्य सड़क परिवहन निगम के स्थानीय डिपो से दिल्ली, मथुरा, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज के साथ ही वाराणसी, बलिया, मऊ एवं आजमगढ़ के लिए बसें संचालित हैं। इसके अलावा जिले में वि भिन्न रूटों पर कई बसें चलाई जा रही हैं। डिपो के बेड़े में वर्तमान में 75 बसें हैं। इनमें से 60 बसों का संचालन किया जा रहा है जबकि पंद्रह खराब हैं और वर्कशाप में हैं। कई बसें ऐसी हैं जो 11 लाख किलोमीटर के निर्धारित मानक को पूरा कर चुकी हैं लेकिन इनकी मरम्मत कर यात्रियों को ढोने का काम किया जा रहा है। इनमें कुछ बसों के रास्ते में खराब होने की समस्या सामने आती है। यहां कई बसों की हालत खराब रहने के कारण यात्रियों को असुविधा हो रही थी। यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निगम की तरफ से समय-समय पर नई बसें उपलब्ध कराई जाती रही है। इसी क्रम में डिपो को दस नई बसें मिलेंगी। इन बसों के मिलने पर यात्रियों को नई बसों में आरामदायक सफर होगा। इनका संचालन लंबी दूरी के मार्गों पर किया जाएगा। अच्छी बात यह है कि यहां से चित्रकूट के लिए नई सेवा की शुरुआत की जाएगी। यहां के लिए दो बसें चलाई जाएगी। जबकि छह बसें मथुरा-वाया प्रयागराज एवं मथुरा वाया फैजाबाद-लखनऊ संचालित होगी। इसके अलावा तीन बस राजधानी दिल्ली के लिए चलेंगी। इन बसों के अप्रैल के अंत तक मिल जाने की उम्मीद थी लेकिन ये अभी नहीं मिल पाई है। मई में बसों के मिलने की संभावना है।
ईंधन की बचत करने में अव्वल रहा डिपो
गाजीपुर। रोडवेज बसों का डीजल औसत बेहतर करके ईंधन की बचत करने में गाजीपुर डिपो अव्वल रहा है। बताया गया है कि वर्ष 2021 अप्रैल से मार्च 2022 की अवधि में गाजीपुर डिपो सहित विंध्यनगर, बदायूं, दोहरीघाट, साहिबाबाद, सोनभद्र डिपो ने भी ईंधन की बचत करते हुए सर्वश्रेष्ठ स्थान बनाया है। पेट्रोलियम संरक्षण अनुसंधान संघ (पीसीआरए) की ओर से छह डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को 75 हजार और प्रतीक चिन्ह दिया जाएगा। मिली धनराशि को संबंधित कार्मिक में वितरित किया जाएगा।
बसों के आने पर चित्रकूट के लिए नई सेवा चलाई जाएगी। इन मार्गों पर पहले से संचालित बसों को रिप्लेस कर इन बसों का संचालन कराया जाएगा। जिससे यात्रियों को बेहतर एवं आरामदायक सुविधा मिल सके। - वीके पांडेय, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक