राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार के लिए आनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 जून तक सिर्फ एक अध्यापक ने इस आवेदन किया है। शिक्षकों की ओर से रुचि नहीं लेने के कारण आवेदन करने वाले अध्यापकों की संख्या कम हुई है। इस पुरस्कार के लिए शिक्षकों द्वारा स्व नामांकन के लिए देव पोर्टल पर आवेदन अपलोड करने की व्यवस्था की गई थी। आनलाइन आवेदन की डाउनलोड प्रति 21 जून को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा की गई। यह जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओपी राय ने दी।
यह पुरस्कार महान शिक्षाविद भारतरत्न डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिन पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर प्रदान किया जाता है। इस संबंध में राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त एवं राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य राम अवतार यादव ने बताया कि यह पुरस्कार भारत सरकार द्वारा 1958 से शुरू किया गया है। यह पुरस्कार उसी अध्यापक को प्राप्त होता है जो अपने शैक्षिक सेवा काल में शैक्षिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रहित में उत्कृष्ट कार्य किया हो। जिले में यह राष्ट्रीय पुरस्कार अब तक 21 शिक्षकों को प्राप्त हो चुका है। इस पुरस्कार को प्राप्त करने वाले शिक्षकों को बेसिक स्तर पर दो वर्ष और माध्यमिक स्तर पर तीन वर्ष का सेवा विस्तार मिलता है। राजकीय एवं एडेड माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को यह लाभ 65 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक सेवा विस्तार का लाभ प्राप्त है।