गाजीपुर। नोनहरा थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार को पारा गांव से 33 किलो मांस के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मौके से हालांकि मौके से धारदार हथियार, तराजू और बाट बरामद किए गए हैं। दो आरोपी भागने में सफल रहे।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पारा गांव में गयासुद्दीन उर्फ जियाउ उर्फ जियाउद्दीन कुरैशी अपने भाई शौकत कुरैशी और सहयोगी शहजादा कुरैशी के साथ मिलकर घर में चोरी-छिपे से मवेशी काट रहा है। पुलिस ने गयासुद्दीन के घर पर दबिश दी और मौके से शहजादा कुरैशी (30) निवासी ग्राम पारा थाना नोनहरा को गिरफ्तार कर लिया।
दो आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि मौके से 33 किलोग्राम मांस, एक बांका, तीन चाकू, लकड़ी का ठीहा, एक तराजू और बाट बरामद किए गए हैं। एसओ ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। संवाद