दिलदारनगर के नगसर के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत के बाद रोती बिलखती महिलाएं?
- फोटो : GHAZIPUR
शादियाबाद/दिलदारनगर। शादियाबाद और नगसर थाने में पिछले 24 घंटे के दौरान एक वृद्धा समेत दो लोगों की मौत हो गई। मनिहारी गांव के पास पिकअप की टक्कर से जहां एक वृद्धा की जान चली गई। वहीं, नगसर थाने के नेवाजू राय बस्ती में ट्रैक्टर से उतरते समय गिरकर एक मजदूर काल के गाल में समा गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, शादियाबाद पुलिस ने चालक समेत वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।
शादियाबाद थाना क्षेत्र के मनिहारी निवासी मनरी देवी (65) अपने पोते पीयूष कुमार और अपनी नातिनी करीना के साथ बाइक से हंसराजपुर बैंक से पैसा निकालने गई थी। घर लौटते समय दिन में करीब 12 बजे गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास मेन रोड पर गांव में जाने के लिए जैसे ही बाइक मोड़ा, तभी हंसराजपुर की तरफ से आ रही सब्जी लदी पिकअप से भिड़ंत हो गई। बाइक चला रहा पीयूष और करीना दूर जा गिरे, जबकि मनरी वाहन के पहिया के नीचे आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद लोगों ने वाहन सहित चालक को पकड़ लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन और चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। सुदेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पोता पीयूष की तहरीर पर हिरासत में लिए गए चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर, नगसर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी कलपू राम का पुत्र घुरहू राम (45) कई वर्षों से नगसर नेवाजू राय में रहकर मजदूरी करके अपने जीवन-यापन करता था। इस समय गेहूं की मड़ाई का कार्य कर रहा था। रविवार की सुबह ट्रैक्टर पर सवार होकर गेहूं की मड़ाई के लिए निकला। कई गांव में मड़ाई के बाद रात में करीब 11 बजे ट्रैक्टर से नेवाजू राय बस्ती में पहुंचा। घर जाने से ट्रैक्टर से उतर रहा था। इसी दौरान गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैक्टर चालक परिजनों के साथ आनन-फानन में निजी अस्पताल में ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार की सुबह जिला अस्पताल ला रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मौत हो गई। पत्नी रीता देवी परिवार के अन्य सदस्य चीख-पुकार करने लगे। पत्नी रीता कभी रोते-रोते शांत हो जा रही थी तो कभी अपने बच्चों काजल (8) और गुड़िया (5) का चेहरा देखकर दहाड़े मारकर रोने लग रही थी। थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।