गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र के रामपुर मांझा गांव में वारदात को अंजाम दिया गया है। वृद्ध खाना खाने के बाद घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान किसी ने ईंट-पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी।
गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र के रामपुर मांझा गांव में मकान के बाहर चारपाई पर सो रहे एक वृद्ध के सिर पर ईंट-पत्थर से वारकर अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। शनिवार की सुबह खून से लथपथ वृद्ध को मृत देख परिजन रोने-बिलखने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही हत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गई।
विज्ञापन
रामपुर मांझा गांव निवासी राममूरत राम(70) हर दिन की तरह खाना खाने के बाद घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। सुबह जब परिवार के सदस्य घर के बाहर आए तो वृद्ध को खून से लथपथ मृत देख बिलखने लगे। आवाज सुनकर दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल पर छानबीन करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ करने के साथ हत्या के कारणों की तलाश में जुट गई। इधर घटना के बाद परिजनों के रोने-बिलखने गांव में मातमी सन्नाटा फैल गया।
वहीं गांव में पुलिस तैनात कर आने-जाने वालों नजर रखी जा रही है। सीओ सिटी ओजस्वी चावला ने बताया कि हत्या के पीछे क्या वजह है। इसकी छानबीन की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।