नामांकन को लेकर कचहरी के पास बैरकेटिंग लगाते कर्मचारी। संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू हो जाएगी। कलेक्ट्रेट परिसर में सात विधानसभा के नामांकन के लिए अलग-अलग कक्षों का निर्धारण किया गया है। सुबह 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन होगा। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक रूट डायवर्जन रहेगा। बुधवार की देर शाम कलेक्ट्रेट और कचहरी जाने वाले नौ विभिन्न जगहों पर बैरिकेडिंग की गई।
नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय तिराहा के तरफ आने वाले अफीम फैक्ट्री तिराहा, जजी तिराहा, सांसद तिराहा, सरजू पांडेय पार्क सहित नौ जगहों पर अस्थाई बैरिकेडिंग की गई है, जहां सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त होंगे। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक रूट डायवर्जन होगा। अफीम फैक्ट्री तिराहा से कोई भी वाहन कलेक्ट्रेट और पुलिस आफिस तिराहे की तरफ नहीं आएंगे। वाहन साई मंदिर और जजी तिराहा होते हुए गंतव्य को जाएंगे। विकास भवन चौराह से शास्त्रीनगर के तरफ आने वाले वाहन शास्त्रीनगर तिराहे से सिंचाई विभाग चौराहे की तरफ जाएंगे। जजी तिराहे से कोई भी वाहन कलेक्ट्रेट की तरफ नहीं जाएगा। वाहन जजी तिराहे से साई मंदिर के तरफ जाएंगी। सिंचाई विभाग की तरफ से आने वाले वाहन सांसद तिराहे से लंका की ओर जाएंगे तथा लंका की तरफ से आने वाले वाहन सांसद तिराहे से सिंचाई विभाग होते हुए गंतव्य को जाएंगे। सांसद तिराहे से कोई भी वाहन सरजू पांडेय पार्क की तरफ नहींजाएगा। एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने बताया कि बैरिकेडिंग पर पुलिस टीम मुस्तैद रहेगी। वाहन रूट डायवर्जन के मुताबिक ही आवागमन करेेंगे।
तीन गेट से प्रवेश नामांकन को प्रवेश करेंगे प्रत्याशी
गाजीपुर। नामांकन के लिए आने वाले प्रत्याशियों के सुविधा के लिए विधानसभावार नामांकन कक्षों का निर्धारण किया गया है। इसके लिए विधानसभा जंगीपुर एवं सदर सांसद तिराहे से होते हुए सरजू पांडेय पार्क के सामने कलेक्ट्रेट के गेट नंबर छह से प्रवेश करते हुए नामांकन करेंगे। विधान सभा सैदपुर के प्रत्याशी सांसद तिराहा औरअफीम फैक्ट्री तिराहा से होते हुए कलेक्ट्रेट के गेट नंबर एक से प्रवेश करेंगे। विधानसभा मुहम्मदाबाद, जमानिया, जखनिया एवं जहूराबाद के प्रत्याशी अपने-अपने नामांकन के लिए अफीम फैक्ट्री और शास्त्री नगर तिराहा होते हुए कलेक्ट्रेट के गेट नंबर दो में प्रवेश करेंगे। उन्होंने कहा कि जो प्रत्याशी जिस गेट से प्रवेश करेगा, निकास भी उसी गेट से होगा।