माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई। पहली पाली में हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने भवानी नंदन यति इंटर कॉलेज गोड़ीहरा एवं महंत रामबरन दास इंटर कॉलेज स्थित केंद्र पर दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे दो को पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ कोतवाली में 419, 420, आईपीसी एवं 6/10 सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 1988 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर दोनों को जेल भेज दिया गया। पहली पाली में हाईस्कूल और इंटर के 13572 एवं दूसरी पाली में इंटर के 12782 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक संग विभिन्न सचल दलों ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
पहली पाली में हाईस्कूल के छात्रों की हिंदी, प्रारंभिक हिंदी एवं इंटर की सैन्य विज्ञान की परीक्षा आयोजित थी। इस परीक्षा में हाईस्कूल के 81687 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 68116 उपस्थित हुए जबकि 13571 अनुपस्थित रहे। इसी तरह इंटर में 125 छात्रों में एक ने परीक्षा नहीं दी शेष 124 उपस्थित थे। इस तरह से पहली पाली में 13572 अनुपस्थित रहे। दुल्लहपुर: हाईस्कूल हिंदी के प्रश्नपत्र में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने दो परीक्षा केंद्रों से दो मुन्ना भाई को पकड़ा जो दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे थे। भुड़कुड़ा के कोतवाल शिवप्रताप वर्मा ने बताया कि भवानी नंदन यति इंटर कॉलेज गोड़ीहरा के प्रधानाचार्य रामध्यान सिंह यादव की तहरीर पर कार्रवाई की गई। उधर महंत रामबरन दास इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य इंद्रमणि राय की तहरीर पर दूसरे की जगह पर परीक्षा दे रहे आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई। दूसरी पाली में इंटर के छात्रों की हिंदी प्रश्नपत्र की परीक्षा में 68014 परीक्षार्थियों में 12782 ने परीक्षा नहीं दी जबकि 55232 उपस्थित थे। बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एमपी सिंह, पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा संयुक्त शिक्षा निदेशक प्रदीप कुमार ने पहली पाली में जमानिया, सदर के साथ दूसरी पाली में जखनिया, सादात एवं मनिहारी क्षेत्र के कई केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने भी कई केंद्रों का निरीक्षण किया।