गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर रजादी गांव के पास सोमवार को ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के परसही गांव निवासी भुल्लन नट (45) किसी काम से बाइक से नंदगंज की ओर जा रहे थे। रजादी गांव के पास एक ट्रेलर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।