सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के भदौरा-देवल मार्ग स्थित सेवराई नहर पुलिया के पास बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में मां की मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जबकि घायल को उपचार के लिए सीएचसी लाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र के ओयर चक गांव निवासी अरुण कुमार (35) मां सुशीला देवी (65) को गहमर थाना क्षेत्र के बकसड़ा गांव में पथरी का इलाज कराने के लिए बाइक से लेकर गया था। लौटते समय भदौरा-देवल मार्ग पर सेवराई पुलिया के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में अरुण और उसकी मां सुशीला देवी गंभीर रूप से घायलहो गई। आसपास के लोगों ने घायलों को उठाकर सीएचसी भदौरा पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान सुशीला देवी की मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा के चिकित्सक हारून ने बताया कि अरुण की स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई है।