गाजीपुर। बिजली निगम की ओर से शनिवार को नगर के विभिन्न मोहल्लों में मार्निंग रेड की गई। इस दौरान 12 लोगों को अवैध तरीके से बिजली जलाते हुए पकड़ा गया। बिजली निगम की ओर से ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह के नेतृत्व में नगर के पीर नगर, राजेंद्र नगर, पांडेय नगर और विकास भवन मार्ग पर मॉर्निंग रेड की गई। इस दौरान 52 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई। वहीं 16 उपभोक्ताओं का मीटर अधिभार बढ़ाया गया। 37 उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए गए। साथ 2.50 लाख बकाया राजस्व की वसूली की गई।
अधिशासी अभियंता ने कहा कि जब तक नगर में पूरी तरह से स्मार्ट मीटर नहीं लग जाता, तब तक मॉर्निंग रेड अभियान जारी रहेगा। इस मौके पर नगर एसडीओ सुधीर कुमार, अवर अभियंता प्रमोद यादव, अश्वनी पटेल आदि मौजूद रहे।
गाैरतलब है कि जिले में बिजली चोरी के मामले में बढ़ गए हैं। आए दिन बिजली चोरी के मामले सामने आ रहे हैं। लाइन लाॅस और ओवरलोड से ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। इससे भी लोगों को भीषण गर्मी में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली चोरी पर लगाम न लगा पाने के कारण बिजली निगम की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि इसका खामियाजा आम लोग भुगत रहे हैं।