वाराणसी से बलिया जाते समय बृहस्पतिवार को प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र दयालू ने मुहम्मदाबाद में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने आयुर्वेद एवं योगा को बढ़ावा देने के लिए आयुष मंत्रालय का गठन किया गया है। आज योग पूरे विश्व मे लोकप्रिय हो रहा है। अभी बीते 21 जून को आठवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे विश्व मे मनाया गया और आयुर्वेद भी विश्व मे अपना स्थान बना लेगा।
उन्होंने कहा कि जनपद और प्रदेश के लिए आयुर्वेद, यूनानी, नेचुरल पैथी, होम्योपैथी आदि के माध्यम से आम जनता को चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। भारत सरकार के द्वारा हाल ही में लिए गए भारतीय सेना में नई भर्ती प्रक्रिया अग्निवीर पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के पूर्व द्वितीय विश्व युद्ध से लेकर विभिन्न समय में कम समय के लिए कभी-कभी तो केवल युद्ध काल के लिए सेना भर्ती का इतिहास रहा है और भारत सरकार की मंशा है कि कम से कम भारत के अधिकांश युवा शिक्षित हो तथा योग्यता के आधार पर उन्हें उन्हीं में से 25प्रतिशत को पूर्णकालिक नौकरी भी दी जाएगी तथा अन्य 75प्रतिशत युवक अपने प्रशिक्षण का लाभ लेकर आर्थिक रूप से सबल बन करके जीविकोपार्जन करें। जबकि विपक्ष युवाओं को गुमराह कर रहा है। यह योजना युवाओं और देश दोनो के लाभकारी है। आयुष अस्पतालों की दुर्दशा के सवाल पर उन्होंने कहा कि जहां से भी शिकायत मिल रही ,वहां सुधार किया जा रहा है। पैसे का अभाव नहीं है जहां आवश्यक हुआ और भूमि उपलब्ध कराई जायेगी। वहां अयुर्वेदिक हास्पिटल बनाया जायेगा। इस मौके पर सौरभ राय, विरेंद्र राय, दिनेश वर्मा, प्रमोद राय आदि मौजूद रहे।