स्वामी सहजानंद पीजी कॉलेज के खेल मैदान पर शॉट खेलता मवेरिक्स टीम का बल्लेबाज। संवाद
गाजीपुर। गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से नगर के पीरनगर स्थित स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग 2025-26 शृंखला का फाइनल मैच रविवार को मवेरिक्स व सीपीसी-ब्लू के बीच खेला गया। फाइनल मैच में सीपीसी ब्लू को हराकर मवेरिक्स की टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
मवेरिक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। मवेरिक्स की टीम ने प्रिंस के 42 गेंद पर 65 रन तथा कप्तान अभिषेक कश्यप के 62 रनों की बदौलत निर्धारित 35 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 263 रन बनाए। सीपीसी ब्लू की तरफ से अजय यादव व अभिनव कुमार ने 2-2 एवं पवन राय व विनीत सिंह राजपूत ने 1-1 विकेट लिया।
264 रनों के लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी सीपीसी ब्लू की टीम मैच के 30वें ओवर की चौथी गेंद पर मात्र 153 रन बनाकर आउट हो गई। सीपीसी ब्लू की तरफ से पवन राय ने 37 गेंद पर 53 रन व सूर्यांश ने नाबाद 50 रन का योगदान दिया। मवेरिक्स की तरफ से प्रशांत राय ने सर्वाधिक 4, यश यादव ने 3 एवं अमन वर्मा 2 तथा संदीप निषाद ने 1 विकेट लिया। स्मृति राय एवं रोहित ने अंपायर तथा आरू, शिखर, मनीष और पीयूष ने स्कोरर की भूमिका निभाई। मुख्य अतिथि डॉ. सानंद सिंह तथा गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने विजेता टीम को ट्राॅफी प्रदान की। मैन ऑफ द मैच का खिताब संजीव कुमार सिंह के हाथों मवेरिक्स के यश यादव को तथा शृंखला के दौरान बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ी का पुरस्कार शाश्वत सिंह के हाथों पवन राय को दिया गया।
इसके अतिरिक्त फाइनल मैच के दोनों टीम के सभी खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र और पदक से दिया गया। साथ ही संपूर्ण लीग शृंखला में योगदान के थ्ल्ए सभी वालंटियर को सीपीसी के अध्यक्ष वैभव सिंह के हाथों सम्मानित किया गया।