बिहार में पीसीएस अधिकारी के पद से इस्तीफा देकर मुहम्मदाबाद क्षेत्र के जोगा मुसाहिब निवासी मनोज राय ने लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा वरिष्ठ नेता लक्ष्मी कांत बाजपेयी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष दया शंकर सिंह ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कराने के बाद उन्हें पार्टी का गमछा पहना एवं झंडा और बुके देकर उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान मनोज राय ने कहा कि प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने का फैसला लिया है। अगर समाज की सेवा करनी है तो नौकरी के अलावा राजनीति में आकर भी इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया जा सकता है। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो देश और प्रदेश में सबका साथ सबका विश्वास और सबका विकास कर रही है। मनोज राय छात्र राजनीति, वर्ष 2000 से 2013 तक बीएचयू में अध्ययन के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बीएचयू इकाई में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया।