महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत विभिन्न शिवालयों की साफ-सफाई का कार्य चल रहा है। इसी क्रम में हजारों आस्थावानों की आस्था के प्रतीक क्षेत्र के महाहर धाम में भी महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां चल रही हैं। महाशिवरात्रि पर महाहर धाम में शिवभक्तों का हुजूम उमड़ता है। जनपद के अलावा गैर जनपदों के शिवभक्त भी महादेव के दर पर मत्था टेकने आते हैं।
महाहर धाम में महाशिवरात्रि के अलावा सावन के महीने में भी शिवभक्तों का रेला उमड़ता है। जिला मुख्यालय से गंगाजल लेकर 35 किमी की दूरी पैदल तय करके शिवभक्त महादेव के दरबार में पहुंचते हैं। वहीं महाशिवरात्रि पर महाहर धाम में मेले का आयोजन किया जाता है।
लोग महाहर धाम सपरिवार पहुंचते हैं। विधि-विधान से महादेव का पूजन करके बाद में लोग मेले का लुत्फ उठाते हैं। दूसरी तरफ महाशिवरात्रि को देखते हुए महाहर धाम में तैयारियां तेज हो गई हैं।
साफ-सफाई के साथ मंदिर परिसर को आकर्षक तरीके से सजाने की तैयारी चल रही है। महाशिवरात्रि पर महाहर धाम को आकर्षक तरीके से सजाया जाता है। यहां विभिन्न जनपदों के अलावा पड़ोसी राज्य बिहार से भी श्रद्धालु आते हैं। आस्थावानों का विश्वास है कि महाहर धाम के शिवलिंग पर जल चढ़ाने से सारे पाप कट जाते हैं।