मुहम्मदाबाद प्राचीन शिव मन्दिर महादेवा स्थित पोखरे की जनसहयोग से हो रही खुदाई एवं समतलीकरण कार्य का मंगलवार को अवलोकन करने बलिया के सांसद भरत सिंह पहुंचे। उन्होंने पोखरे पर पक्का घाट बनाने के लिये अपनी सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने प्राचीन शिव मन्दिर के पास स्थित पोखरे का सुंदरीकरण करने के लिये उसमें श्रमदान कर रहे लोगों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज की व्यस्त एवं भागदौड़ की जिंदगी में कुछ समय निकालकर श्रमदान करने वाले लोगों की जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है। उसके बाद बैजलपुर गांव में चौपाल लगाकर सांसद भरत सिंह ने केन्द्र सरकार की ओर से आम जन के लिये चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जन चौपाल के बाद सांसद भरत सिंह ने भांवरकोल विकास खंड के पखनपुरा गांव में जाकर पिछले दिनों चक्रवात से मृत राजभर परिवार के लोगों को सांत्वना एवं 5 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस अवसर पर भाजपा नेता विरेन्द्र राय, प्रमोद राय, कृपाशंकर राय, ओमप्रकाश उपाध्याय, राजेश राय बागी, दिनेश वर्मा, हनुमान कुशवाहा, राजेन्द्र निषाद आदि उपस्थित रहे।
सुहवल क्षेत्र के नगदीलपुर गांव में जन चौपाल में मुख्य अतिथि सांसद भरत सिंह ने सरकार महत्वपूर्ण योजनाओं की चर्चा की। चौपाल में मुख्य रूप से लल्लू राय, विवेक शर्मा, महेश चौधरी, कुश सिंह, भुआलू सिंह, मनोज राय आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बद्री यादव एवं संचालन कृष्णानंद राय ने किया।