सेवराई (गाजीपुर)। बारा कर्मनाशा पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद सोमवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने इस पुल पर भारी वाहनों के संचालन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया। हल्के वाहनों को मध्यम गति से चलाने का निर्देश दिया गया है।
लोक निर्माण विभाग खंड प्रथम द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए पत्रक में यूपी एवं बिहार को जोड़ने वाले बारा कर्मनाशा नदी पर बने पुल की बेयरिंग सहित कुछ स्थान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पाए जाने के संदर्भ में भारी वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने एवं हल्के वाहनों की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटे से चलने के संदर्भ में एक पत्रक दिया था। इस पर जिलाधिकारी ने इस पुल से गुजरने वाले बड़े वाहनों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध एवं हल्के वाहनों के मध्यम गति से चलाने के लिए उप जिलाधिकारी सेवराई एवं कोतवाल गहमर को निर्देश पत्र जारी किया है।